
नई दिल्ली : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को हुई हिंसा को लेकर कहा है कि किसानों ने हिंसा शुरू करने वाले 15 लोगों को सौंप दिया। उनके पास सरकार के पहचान पत्र हैं। अब आप यह समझ सकते हैं कि सरकार में कौन है। यह शांतिपूर्ण आंदोलन को विफल करने के लिए ठोस साजिश थी। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी को गाजीपुर सीमा पर पुलिस ने उस मार्ग को रोक दिया जो ट्रैक्टर रैली के लिए नियोजित मार्ग था। ऐसे में जब किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकाली तो पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल किया, जिससे हिंसा भड़की।
संयुक्त किसान मोर्चा ने बुधवार को हुई एक अहम बैठक में फैसला लिया है कि 1 फरवरी को संसद का मार्च नहीं होगा। बताया जा रहा है कि मंगलवार को हुई हिंसा के मद्देनजर मार्च को स्थगित करने का फैसला लिया है। वहीं, मंगलवार को किसानों के ट्रैक्टर परेड की आड़ में दिल्ली में उपद्रवियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआआर में किसान नेता बलजीत सिंह रजवाल, दर्शन पाल, योगेंद्र यादव और गौतम सिंह आदि के नाम हैं। पुलिस के मुताबिक, इन सभी के खिलाफ कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जय किसान आंदोलन से जुड़े स्वराज इंडिया के अध्यक्ष योगेंद्र यादव का कहना है कि मगंलवार को लालकिले पर तिरंगे का अपमान हुआ है। यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। इस घटना ने देश के हर नागरिक को शर्मसार किया है। जो लोग तिरंगे के अपमान के दोषी हैं, उन पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। संयुक्त किसान मोर्चा स्वयं भी इसकी मांग करता है।
खालिस्तानी संगठन SFJ ने आगामी 1 फरवरी को संसद पर कब्ज़ा करने के लिए कहा है। साथ ही लाल किले के बाद संसद का घेराव करने की भी धमकी दी है। इतना ही नहीं, लाल किले पर झंडा फहराने वाले शख्स को इनाम देने का भी एलान किया गया है। गणतंत्र दिवस पर 26 जनवरी के दिन उपद्रवी किसानों द्वारा तोड़फोड़ मामले में दिल्ली पुलिस ने 200 लोगों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि इस हिंसा में कई नेता भी घेरे में, इन पर भी जल्द ही कार्रवाई की जा सकती है। वहीं, किसानों ने मंगलवार को लाल किला परिसर के भीतर घुसकर हंगामा किया था। एक दिन बाद लाल किला परिसर के अंदर की तस्वीरें जारी हुई हैं। इसमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह उपद्रवियों ने वहां पर रखे सामान को नुकसान पहुंचाया है।
उपद्रव करने के मामले में दिल्ली पुलिस अब तक 22 एफआइआर दर्ज की जा चुकी है। उपद्रव के दौरान 300 पुलिस कर्मी घायल हुए थे। अब तक इस मामले में पुलिस 200 लोगों को हिरासत में ले चुकी है। ये वो है जो उपद्रव के दौरान घायल हुए थे और अलग अलग अस्पतालों में भर्ती हुए थे। पुलिस इन्हें पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लेगी।
- गणतंत्र दिवस के बाद नोएडा-दिल्ली बार्डर की सड़कों पर बुधवार को जाम रहा। सरकारी कार्यदिवस होने के चलते फैक्ट्री, दफ्तर खुले होने के चलते नोएडा से दिल्ली जा रहे वाहन चालक डीएनडी व कालिंदी कुंज के पास जाम में फंसे। सबसे अधिक जाम सेक्टर-16 फिल्म सिटी फ्लाईओवर से डीएनडी टोल प्लाजा तक जाम रहा। करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम रहा। जाम में फंसे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
- दिल्ली-एनसीआर में बुधवार सुबह 10: 30 बजे के करीब इंटरनेट सेवा बहाल हो गई। इससे दिल्ली-एनसीआर के करोड़ों लोगों ने राहत की सांस ली है। इससे पहले मंगलवार को दोपहर में दिल्ली के कई इलाकों के साथ सोनीपत, नोएडा और गाजियाबाद में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई थी।
- केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल ने बुधवार सुबह लाल किला पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। एक दिन पहले मंगलवार को प्रदर्शनकारी किसानों ने हिंसा के दौरा लाल किल पर झंडा लगा दिया था। इसके साथ लाल किला परिसर के अंदर घुसकर तोड़फोड़ भी की थी। इसकी तस्वीरें बुधवार को समाचार एजेंसी एएनआइ ने जारी की हैं।
- हालात को देखते हुए गाज़ीपुर मंडी, नेशनल हाइवे-9 और नेशनल हाइवे-24 को बंद कर दिया है। इसी के साथ ही दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अपील है कि है कि जिसे दिल्ली से गाज़ियाबाद जाना है वह कड़कड़ी मोड़, शाहदरा और DND का प्रयोग करें। बताया जा रहा है कि मंगलवार को किसान दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस वे से दिल्ली में जबरन घुस गए थे। ऐसे में पुलिस ने बुधवार को एक्सप्रेस वे को बंद किया हुआ है, जबकि एनएच-9 पर यातायात चल रहा है।














