
रायपुर : राजधानी रायपुर में चाकूबाजी की घटना थमने का नाम नहीं ले रही। भाजपा नेता पर जानलेवा हमला किया गया है। चार युवको ने मिलकर पेट-पीठ सहित जांघ पर धारदार हथियार से कई वार कर घायल कर दिया है। घटना के तुरंत बाद घायल को इलाज के लिए आंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की सूचना मिलते ही भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता अस्पताल पहुंच गए। पुलिस के मुताबिक भाजपा नेता संदीप जंघेल गंज पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत नहरपारा में होटल का संचालन करता है।
बुधवार सुबह होटल के सामने ठेला लगाने की बात को लेकर बाबू जंघेल से उनका विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपित बाबू ने अपने साथियों के साथ मिलकर संदीप पर जानलेवा हमला कर दिया। फिलहाल सभी आरोपित फरार हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राजधानी रायपुर के बूढ़ापारा इलाके में एक युवक पर चाकू से हमला किया गया है। हमले में युवक को जांघ में चोटें आई है। मुलाहिजा के बाद घायल युवक का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। घायल युवक की किस्मत अच्छी थी, बदमाशों ने उसके पर भी वार किया था, लेकिन वह चूक गए। कोतवाली थाना प्रभारी मोहसिन खान ने बताया कि घायल युवक का नाम यश जाधव है, जबकि आरोपितों का नाम अजय गवली, दिनेश और रोहित है। तीनों फ़िलहाल फरार है। जिनकी तलाश जारी है।
आरोपित अजय गवली ने यश जाधव को लेकर इंस्टाग्राम में आपत्तिजनक पोस्ट किया था। इसे लेकर यश जाधव और अजय गवली के बीच विवाद हुआ। इसके बाद लड़ाई इतनी बढ़ी की अजय ने दिनेश और रोहित के साथ मिलकर यश पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में घायल यश जाधव ने कोतवाली पुलिस थाना पहुंचकर मामले की शिकायत की। इसके बाद यश का मुलाहिजा कराकर उसका उपचार कराया जा रहा है।














