
मध्यप्रदेश के किसानों को जय किसान फसल ऋण माफी योजना का लाभ मिलना शुरू हो गया है।
सीएम कमलनाथ ने रतलाम के नामली गांव में इस योजना की शुरुआत की। इस योजना के पहले चरण में प्रदेश के 25 लाख और जिले के 40 हजार से ज्यादा किसानों को लाभ होगा।
कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में अपने सबसे प्रमुख चुनावी वादे किसानों के कर्ज़माफी पर अमल की शुरुआत की। कर्ज़माफी का पैसा किसानों के खाते में पहुंचना शुरू हो जाएगा।
सीएम कमलनाथ ने कहा कांग्रेस जो कहती है वो करती है। हमने जो वचन दिया था, उसकी शुरुआत हो चुकी है।जो बात कांग्रेस ने कही थी उसका बिगुल बज चुका है।
सीएम ने कहा हमने सत्ता में आने के 57 दिन में ही वचन पूरा कर दिया। किसानों का भला करने के लिए हमने 5 साल पूरे होने का इंतज़ार नहीं किया।
सीएम कमलनाथ ने कहा कुछ ही दिन में हम सारी घोषणाओं और वचन पर अमल कर देंगे। उन्होंने तंज कसा कि हम घोषणा और विज्ञापन वाले नेता नहीं हैं।
कांग्रेस की जय किसान फसल ऋण माफी योजना का लाभ रतलाम ज़िले के 40 हजार से ज्यादा किसानों को मिलेगा। उनके 134 करोड़ से अधिक के कर्ज़माफ होंगे।
सीएम कमलनाथ ने यहां 197 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास भी किया।
सीएम के इस कार्यक्रम में बीजेपी के क्षेत्रीय सांसद और विधायक शामिल नहीं हुए। तीनों ने कार्यक्रम के बहिष्कार का एलान कर रखा था। समारोह में सांसद कांतिलाल भूरिया और प्रदेश के कृषि मंत्री सचिन यादव मौजूद थे।














