मुंबई – माफिया सरगना से राजनेता बने अरुण गवली अपने इकलौते बेटे महेश गवली की शादी में शामिल होने के लिए अपने घर लौट आया है। अरुण गवली के बेटे की शादी शनिवार को होने जा रही है। बेटे की शादी में शामिल होने के लिए अरुण गवली (63) को बंबई उच्च न्यायालय से 15 दिन की पैरोल मिली है। वह मंगलवार दोपहर जेल से बाहर निकले और बुधवार को मुंबई आए।
हत्या के अपराध में दोषी और नागपुर की केंद्रीय कारावास में उम्रकैद की सजा काट रहे गवली का जोरदार ढंग से स्वागत किया गया। वह सात बसों के काफिले और मोटरबाइकों पर सवार दर्जनभर युवाओं और अपने समर्थकों के साथ दक्षिण मुंबई के दागदी चॉल में पहुंचे।
महेश अरुण गवली (27) की शादी नागपुर की कृतिका अहीर (20) से शनिवार को यहां धूमधाम के साथ की जाएगी। अपने पिता को घर वापस देखकर गवली की बेटी गीता ने कहा कि ‘राजा’ लौट आया है। गीता ने मीडिया को बताया कि उनके घर पर पिछले कई सप्ताह से शादी की तैयारियां की जा रही हैं। – एजेंसी















