मुंबई- ठाणे जिले के कल्याण और विटठलवाड़ी स्टेशन के बीच कुर्ला-अंबरनाथ लोकल ट्रेन के पांच डिब्बे आज सुबह पटरी से उतर गए। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब छह बजे हुई दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। हालांकि मुंबई उपनगरीय रेलवे की सेंट्रल लाइन पर रेल सेवा बाधित है वहीं कल्याण—करजत लाइन पर ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया है।
सेंट्रल रेलवे ने ट्विटर पर इस हादसे की जानकारी दी। सेंट्रल रूट की रेल सेवा बाधित होने के चलते बड़ी संख्या में इस रूट से यात्रा करने वाले यात्री प्रभावित हो रहे हैं। रेल की पटरी पर आई दरार को हादसे की वजह बताया जा रहा है। मौके पर रेलवे के अधिकारी और तकनीकि कर्मचारी मौजूद हैं। कल्याण-डोम्बिवली प्रशासन ने यात्रियों को राहत देने के लिए अतिरिक्त बसें भी चलाई हैं।
बुधवार को कानपुर में 15 डिब्बे पटरी से उतरे
इससे पूर्व बुधवार को भी कानपुर के रूरा स्टेशन के पास ट्रेन हादसा हुआ। अजमेर-सियालदह एक्स. के 15 डब्बे पटरी से उतर गए। जानकारी के अनुसार दो डिब्बे नहर में भी गिर गए। पता चला है कि यह हादसा सुबह 5.30 बजे के करीब हुआ। यह ट्रेन सियालदाह से अजमेर जा रही थी. इसमें 52 यात्री घायल हुए।
यह पहला मौका नहीं
गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है, जब कानपुर के आसपास इसी जिले में कोई ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हुई हो, क्योंकि लगभग सवा महीना पहले ही 20 नवंबर की रात को लगभग 3:00 बजे इसी जिले के पुखरायां में भी मध्य प्रदेश के इंदौर से बिहार की राजधानी पटना जा रही इंदौर-पटना एक्सप्रेस ट्रेन (19321) के 14 डिब्बे पटरी से उतर गए थे, और 150 से ज़्यादा लोग मौत के मुंह में समा गए थे। इस हादसे में 200 से ज़्यादा लोग ज़ख्मी भी हुए थे।
हेल्पलाइन नंबर-
सीएसटी: 022-2269040
दादर: 022-22414836
पुणे: 020-26105130/26111539
थाणे: 022-25334840
कल्याण: 0251-2311499














