नई दिल्ली- लोकसभा में सोमवार को भाजपा के एक सदस्य ने भगवद्गीता को राष्ट्रीय ग्रंथ घोषित करने और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गीता जयंती महोत्सव आयोजित करने की मांग की। भाजपा के योगी आदित्यनाथ ने सदन में शून्यकाल के दौरान इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि गीता के संदेशों ने संर्पूण मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त किया है।
उन्होंने भगवद गीता को राष्ट्रीय ग्रंथ घोषित करने और इसे स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग की। उन्होंने हरियाणा के कुरूक्षेत्र में मनाये जा रहे गीता जयंति महोत्सव का उल्लेख करते हुए केन्द्रीय पर्यटन मंत्रालय से इसी तरह का आयोजन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर करने की मांग की।
शून्यकाल में ही भाजपा के गणेश सिंह ने पूर्वोत्तर के राज्य त्रिपुरा में यौन उत्पीड़न की घटनाओं का उल्लेख करते हुए वहां हाल में एक पांच वर्ष की लड़की के साथ हुई यौन उत्पीड़न की घटना की जांच के लिए एक केन्द्रीय दल गठित करने की मांग की।














