नई दिल्ली- कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है। दिल्ली में इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस में राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री कहते हैं कि इंडिया चाइना की तरह काम कर सकता है।
राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री सोचते हैं कि भारत के मजदूर को लाठी मारकर काम कराया जा सकता है, वो चाहते हैं कि मजदूर अपने घुटने टेक दें। मोदी ने मजदूरों पर हमला शुरू कर दिया है, सरकार ओर मोदी ने मजदूर को अकेला छोड़ दिया है।
भारत का मजदूर डरा हुआ है, इसलिए मैन्यूफैक्चरिंग में पीछे है। मोदी जी विदेश के अलावा मजदूरों के साथ भी अपना वक्त बिताएं। राहुल ने आगे कहा कि मुझे ऐसा हिंदुस्तान पंसद नहीं, जिसमें आपका खून और आंसू हो कांग्रेस ने एक सेफ्टी नेट तैयार किया था, जिसे मोदी तोड़ रहे हैं। मोदी जी मुझे नहीं पता कि आपको इन मुद्दों पर कौन सलाह दे रहा है, जो दे रहा है वो आपको गलत सलाह दे रहा है। हमने गरीबों का साथ दिया है।
राहुल ने कहा कि जब मोदी सरकार आई तो अच्छे दिन से शुरुआत हुई, इसके बाद स्वच्छ भारत, फिर मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया भगवान जाने कौन सा शब्द कब जादू कर जाए ग्रोथ, विकास इन शब्दों का बहुत इस्तेमाल होता है, लेकिन इनके पीछे क्या छुपा है ये सोचने की बात है।














