मुंबई- भारतीय रिजर्व बैंक (आर.बी.आई.) के गर्वनर उर्जित पटेल को जान से मारने की धमकी मिली है। जानकारी के अनुसार धमकी देने वाला व्यक्ति नागपुर से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी युवक को 6 मार्च तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार युवक का नाम वैभव बदलवार है, उसे तीन मार्च को ही गिरफ्तार कर लिया गया था। उसने ईमेल के जरिए पटेल को धमकी दी थी।
क्राइम ब्रांच के सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने नागपुर के एक साइबर कैफे से उर्जित पटेल को 23 से 25 फरवरी के बीच ई-मेल्स किए थे।
गवर्नर के परिवार को खत्म करने की दी थी धमकी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी युवक ने लिखा था कि आप अपनी नौकरी तत्काल छोड़ दो और आरबीआई दफ्तर जाना बंद कर दो, नहीं तो वह उसे और उसके परिवार को खत्म कर देगा। खबरों के मुताबिक, उसने पटेल को धमकी की दी कि वह फौरन आर.बी.आई. गर्वनर की नौकरी छोड़ दें। इसके अलावा उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने की बात भी कही गई थी। धमकी ई-मेल के जरिए मिली थी। धमकियों के बाद पटेल ने साइबर पुलिस के पास जाकर शिकायत दर्ज करवाई थी।
पटेल को हाल ही में गवर्नर चुना गया है। उनसे पहले रघुराम राजन आर.बी.आई. के गवर्नर थे। नोटबंदी के बाद कैश की किल्लत को लेकर उर्जित पटेल पर विपक्ष ने कई बार निशाना साधा। [एजेंसी]














