
नई दिल्ली : घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को लगातार दूसरे सत्र में गिरावट के साथ बंद हुए। BSE का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक Sensex 440.76 अंक या 0.87 फीसद की गिरावट के साथ 50,405.32 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह NSE Nifty 142.70 अंक यानी 0.95 फीसद की टूट के साथ 14,938.10 अंक के स्तर पर बंद हुआ। सप्ताह के आखिरी कारोबारी सत्र में पीएसयू बैंक, फाइनेंस कंपनियों और ऑटोमोबाइल कंपनियों के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। Sensex पर इंडसइंड बैंक के शेयर में ज्यादा 4.79 फीसद की गिरावट दर्ज की गई।
इसके अलावा SBI के शेयरों में 3.03 फीसद, पावरग्रिड के शेयर में 2.13 फीसद, डॉक्टर रेड्डीज के शेयर में 1.86 फीसद, एनटीपीसी के शेयर में 1.85 फीसद, आईसीआईसीआई बैंक के शेयर में 1.80 फीसद की गिरावट दर्ज की गई। इनके अलावा एचसीएल टेक, बजाज फिनजर्व, एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, एशियन पेंट, सन फार्मा, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, बजाज फाइनेंस, टीसीएस, एक्सिस बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज ऑटो और आईटीसी के शेयर लाल निशान के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स पर ओएनजीसी के शेयर में सबसे ज्यादा 1.95 फीसद का उछाल दर्ज किया गया। इसके अलावा मारुति, कोटक महिंद्रा बैंक, नेस्ले इंडिया, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाइटन, हिन्दुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड, रिलायंस इंडस्ट्रीज और लार्सन एंड टुब्रो के शेयर हरे निशान के साथ बंद हुए।














