
अहमदाबाद : गुजरात की राजधानी अहमदाबाद से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है।
यहां गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप होने पर नाराज युवक ने बदला लेने के लिए एक अन्य युवती का बलात्कार कर डाला।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता को ब्रेकअप के लिए जिम्मेदार मानकर आरोपी ने यह घिनौना कदम उठाया। इतना ही नहीं आरोपी ने जिसके साथ दुष्कर्म किया, उससे वह राखी तक बंधवाता था।
फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर 19 साल के आरोपी अमन उपाध्याय को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित छात्रा ने वडाज पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी अमन ने उसके (पीड़िता) ही आवास पर ना सिर्फ उसके साथ बलात्कार किया बल्कि अप्राकृतिक संबंध बनाने के लिए भी मजबूर किया।
एफआईआर में पीड़िता ने कहा है, ‘स्कूल से ही अमन के साथ दोस्ती रही है। वह अक्सर मेरे घर आता था। पिछले कुछ दिनों से वह नाराज था। 25 मई को जब घर पर मेरी मां और भाई नहीं थे, मैंने उसे बात करने के लिए (ब्रेकअप को लेकर) बुलाया था।’
पीड़िता ने एफआईआर में कहा, ‘जैसे ही वह मेरे घर पहुंचा, बहुत गुस्से में था। उसने मुझे बेरहमी से पीटा और ओरल सेक्स के लिए मजबूर किया। इसके बाद उसने मुझे फर्श पर गिरा दिया और मेरा रेप किया।’
पीड़िता के मुताबिक जब वह आरोपी के चंगुल से छूटी तो उसने उसे घर से जाने के लिए कहा लेकिन वह वहां से टस से मस नहीं हो रहा था।
ऐसे में पीड़िता को खुद अपने घर से भागना पड़ा। पीड़िता की तरफ से दी गई शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी अमन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस फिलहाल उससे पूछताछ में जुटी है।















