मुंबई में भारी बारिश की वजह से एक तीन मंजिला इमारत गिर गई है। इस इमारत के मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि लगभग 30 लोग मलबे में फंसे हैं। इस हादसे में 7 लोग गंभीर रुप से घायल हो गये हैं। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू कर दिया है। घटनास्थल पर दमकल की 10 गाड़ियां भी पहुंच गई हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस बिल्डिंग में 10 से 12 परिवार रहते थे। खबर है कि मलबे में 25 से 30 लोग दबे हो सकते हैं।
बीएमसी के अधिकारी, मुंबई पुलिस भी राहत और बचाव एजेंसियों की मदद कर रहे हैं। खबर है कि ये इमारत लगभग 40 से 50 साल पुरानी थी। मलबे से इस वक्त कुछ लोगों को बाहर निकाला गया है। इन्हें पास के जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये घटना आज सुबह करीब करीब 9 बजे की है। इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
ये हादसा डोंगरी इलाके के भिंडी बाजार में हुआ है। घटनास्थल के आस-पास अफरा तफरी का माहौल है। राहत और बचाव कार्य में स्थानीय लोग भी पुलिस और राहत एजेंसियों की मदद कर रहे हैं। जोन 1 के डीसीपी डॉ मनोज शर्मा ने कहा है कि अब तक 5 लोगों को मलबे से बाहर निकाल लिया गया है।














